newsदेश

ISRO Aditya L1 Mission Launch LIVE: पीएसएलवी से अलग हुआ आदित्य एल-1 स्पेसक्राफ्ट, इसरो चीफ ने दी बधाई

 भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने आज दोपहर 11 बजकर 50 मिनट पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भारत के पहले सूर्य मिशन ‘आदित्य-एल1’ (Aditya-L1) को लॉन्च किया। भारत के इस पहले सौर मिशन से इसरो सूर्य का अध्ययन करेगा। इसरो के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल-1 (ISRO Sun Mission Live Updates) को अंतरिक्ष में ‘लैग्रेंज प्वाइंट’ यानी एल-1 कक्षा में स्थापित किया जाएगा। इसके बाद यह ये सैटेलाइट सूर्य पर होने वाली गतिविधियों का 24 घंटे अध्ययन करेगा। एल-1 सैटेलाइट को पृथ्वी से 15 लाख किलोमीटर दूर स्थापित किया जाएगा।

ISRO Aditya-L1 Mission: तीन सितंबर को होगी कक्षा की पहली अर्थबाउंड फायरिंग

इसरो ने कहा है कि आदित्य-एल1 ने बिजली पैदा करना शुरू कर दिया। सौर पैनल तैनात हैं। कक्षा को ऊपर उठाने के लिए पहली अर्थबाउंड फायरिंग तीन सितंबर को लगभग 11:45 बजे निर्धारित है

Aditya-L1 Solar Mission Launch LIVE: इसरो के पूर्व अध्यक्ष बोले- PSLV ने हमेशा की तरह अपना काम किया

इसरो के सूर्य मिशन आदित्य-एल1 की सफल लॉन्चिंग पर इसरो के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर ने कहा कि पीएसएलवी एक्सएल ने हमेशा की तरह अपना काम किया है। यात्रा वास्तव में कठिन होने वाली है। हमें अंतरिक्ष यान के प्रक्षेप पथ पर कड़ी नजर रखनी होगी। सूर्य का अध्ययन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह जीवन के निर्वाह के लिए ऊर्जा का स्रोत है।

 आदित्य एल-1 की सफल लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने इसरो को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पहले सौर मिशन, आदित्य-एल1 के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए ब्रह्मांड की बेहतर समझ विकसित करने के लिए हमारे अथक वैज्ञानिक प्रयास जारी रहेंगे।

इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने दी बधाई

भारत के पहले सोलर मिशन आदित्य एल1 की सफलतापूर्वक लॉन्चिंग के बाद इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने कहा- मैं आदित्य-एल1 मिशन लिए पीएसएलवी को बधाई देता हूं। अब से, मिशन L1 बिंदु से अपनी यात्रा शुरू करेगा। यह लगभग 125 दिनों की बहुत लंबी यात्रा है।

श्रीहरिकोटा आए लोगों ने कहा- यह हमारे लिए एक अविस्मरणीय पल है

आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला है। सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसडीएससी) शार, श्रीहरिकोटा आए लोगों में से एक ने कहा कि हम आदित्य एल-1 की लॉन्चिंग को देखने के लिए मुंबई से आए हैं। यह हमारे लिए एक अविस्मरणीय पल है। यह एक अद्भुत एहसास है कि हम नासा और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों को प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं। हम वास्तव में उत्साहित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *