देश

व्हाट्सएप पर एक मैसेज भेजकर जानें परिवार नियोजन से जुड़ी सारी जानकारी

9031691691 पर व्हाट्सएप मैसेज कर लोग ले सकते हैं जानकारी

इसे लेकर आशा कार्यकर्ताओं को किया जा रहा है प्रशिक्षित

भागलपुर, 24 जनवरी।
अभी परिवार नियोजन पखवाड़ा चल रहा है। 29 जनवरी तक जिले में परिवार नियोजन से संबंधित काम काफी तेज गति से चल रहा है। बंध्याकरण को लेकर लोगों की काउंसिलिंग हो रही है। व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर भी लोग परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी ले रहे हैं। तकनीक के जमाने में लोग इसका भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। जिनलोगों के पास ज्यादा समय नहीं रहता है, वे लोग एक मैसेज भेजकर परिवार नियोजन से संबंधित हर तरह की जानकारी ले रहे हैं।
आशा के जिला समन्वयक जफरूल इस्लाम कहते हैं कि यह बात सही है कि अभी जिले में परिवार नियोजन पखवाड़ा चल रहा है, लेकिन सालोंभर इससे संबंधित काम जिलेभर में होते रहते हैं। हां, यह बात सही है कि व्हाट्सएप नंबर पर सेवा मिलने से लोगों को काफी सहूलियत हो गई है। जिस काम में घंटों लग जाते थे, वह अब मिनटों में हो रहा है। घर बैठे एक मैसेज भेजकर लोग परिवार नियोजन से संबंधित सारी जानकारी जुटा ले रहे हैं। हां, अगर लोग व्हाट्सएप के जरिये नहीं समझ पाते हैं तो उनके लिए तो हमलोग हैं ही। व्हाट्सएप सेवा शुरू होने के बावजूद हमलोग पूरी तन्मयता से अपने काम में लगे हुए हैं। यह सुविधा सिर्फ लाभुकों के लिए है। 

व्हाट्सएप नंबर पर मैसेज भेज ऐसे लें जानकारीः  

इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए सबसे पहले 9031691691 पर हाय लिखकर व्हाट्सएप करें। इसके बाद उधर से आपका नाम और पता पूछा जाएगा। फिर एक-एक कर परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी आपको मिलती रहेगी। आप अपनी समस्या व्हाट्सएप करें फिर उधर से उसका समाधान आएगा। यह सेवा केयर इंडिया उपलब्ध करवा रही है और यह सेवा उनलोगों के लिए काफी फायदेमंद साबित हो रही है, जो किसी के सामने अपनी परेशानी साझा करने से झिझक रखते हैं। चाहे वह डॉक्टर या कोई अन्य स्वास्थ्यकर्मी ही क्यों न हों। 

आशा कार्यकर्ताओं को दिया जा रहा प्रशिक्षणः 

इस सेवा को लोगों तक पहुंचाने के लिए आशा कार्य़कर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सबौर में आशा कार्यकर्ताओं को इसे लेकर प्रशिक्षण दिया गया। केयर इंडिया के एफपीसी आलोक कुमार और जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि इस सेवा का लाभ लोग कैसे उठाएंगे, इसकी जानकारी आशा कार्यकर्ताओं को दी जा रही है। प्रशिक्षण लेने के बाद आशा कार्य़कर्ता क्षेत्र में घूमने के दौरान लाभुकों से भी इस जानकारी को साझा करेंगी। इससे ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसे लेकर अभी सबौर में प्रशिक्षण हुआ है। आगे भी जल्द सभी जगहों पर आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *