newsबिहारराज्य

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जुलाई तक पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की

उत्तराखंड-हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी ;आसमान से कहर बनकर बरस रही है बारिश,

देश भर में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। खासकर उत्तर भारतीय राज्यों में जमकर बारिश हो रही है। वहीं, पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर नई जानकारी दी है।

उत्तराखंड में बाढ़ की स्थिति

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण हरिद्वार समेत गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की अधिकांश नदियों का जलस्तर खतरे के निशान को छू गया है। बांधों और जलाशयों में पानी खतरे के निशान के करीब है।

हिमाचल में बारिश से काफी नुकसान

हिमाचल में बारिश के बाद काफी नुकसान हुआ है। हिमाचल के कई जिलों में बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है और कई जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हिमाचल प्रदेश के सीएम जगत सिंह नेगी ने कहा कि बारिश की वजह से नेशनल हाईवे को नुकसान पहुंचा है और पानी व बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।

IMD ने कई राज्यों में जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 13 जुलाई तक पूर्वोत्तर भारत और सिक्किम में अत्यधिक बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही आईएमडी ने यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की है। इधर, बाढ़ के बाद कुछ पर्यटक हिमाचल और उत्तराखंड में फंसे हुए हैं।

दिल्ली में हल्की बूंदाबांदी के आसार

आईएमडी ने बताया कि दिल्ली का मौसम अभी तीन से चार दिनों तक साफ रहने वाला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15-16 जुलाई के बाद तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इससे पहले कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

दिल्ली में यमुना नदी बुधवार को 207 मीटर के निशान को पार करते हुए 10 वर्षों में उच्चतम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। बता दें कि दिल्ली में पिछले दो दिनों में भारी बारिश के बीच यमुना के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई।

करनाल में एक और तटबंध टूटा

हरियाणा के करनाल जिले में यमुना नदी से सटे क्षेत्रों में तबाही का आलम है। यहां गढ़पुर टापू के पास टूटे बांध की मरम्मत लगातार तीसरे दिन जारी है, तो देर रात क्षेत्र के समसपुर गांव के पास एक और तटबंध टूटने से चिंता बढ़ गई है। अब करीब 30 गांव खतरे की जद में हैं। राहत सामग्री पहुंचाने में तीन नाव का प्रयोग किया जा रहा है।

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य में अगले चार दिनों तक मानसून प्रभावी रहेगा। इसके परिणामस्वरूप कई जिलों में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, अररिया, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार व मधेपुरा जिले में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी में बारिश को लेकर प्रशासन अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तीन दिन तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है। यूपी में पिछले 24 घंटे में कई जनपदों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। इन जनपदों में मेरठ, एटा, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, फिरोजाबाद, बिजनौर, बदायूं, औरैया, इटावा, रामपुर, बरेली, आगरा, बाराबंकी, मुरादाबाद, फर्रुखाबाद, कासगंज, लखनऊ, संभल और अलीगढ़ शामिल हैं। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *